मुंबई, 22 दिसंबर। बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान नए साल का स्वागत कुछ नए अंदाज़ में करना चाहते हैं। उन्होंने अपनी महबूबा बेबो यानि करीना कपूर के साथ स्विटज़रलैंड में छुट्टियाँ बिताने की योजना बनाई है। पिछले कुछ समय से जहां करीना गोलमाल-3 में व्यस्त थीं, वहीं सैफ अपने प्रोडक्शन हाउस कि फिल्म "एजेंट विनोद" के निर्माण में व्यस्त थे। इतना ही नहीं सैफ ने ‘न्यू ईयर’ के अवसर पर बेबो को एक सरप्राइज देने का भी मन बनाया है।
सैफ का कहना है कि स्विट्जरलैंड में सिर्फ मस्ती होगी कोई काम नहीं। वैसे भी आनेवाले साल में हम काफी व्यस्त रहेंगे। ऐसे में साल की शुरूआत सुखद हो तो बेहतर है।
नव वर्ष के स्वागत में लगे हैं बॉलीवुड सितारे
फिल्म स्टार प्रियंका चोपड़ा ने तो 30 दिसंबर तक शूटिंग संबंधी जिम्मेवारी पूरा करने का मन बना लिया है। प्रियंका कहती हैं, 31 दिसंबर की शाम को मैं अपने परिवार के साथ धूम मचाऊंगी। ऐसी ही कुछ योजना सुनील शेट्टी ने भी बनाई है। वे इस बार अपने परिवार के साथ खंडाला स्थित अपने मकान में नववर्ष का जश्न मनाएंगे।
फिल्म स्टार अरशद वारसी उत्तराखंड की वादियों में नए साल का स्वागत करेंगे। अरशद ने आने वाले साल में ग्लोबल वार्मिग के दुष्प्रभावों को कम करने पर जोर दिया है। ड्रीम गर्ल हेमा मालिनी की बेटी ईशा देओल नए साल पर पुराने दोस्तों के साथ मौज-मस्ती करने के मूड में हैं। सलमान खान के बड़े भाई अरबाज खान भी पनवेल में माता-पिता और भाइयों के साथ नववर्ष का स्वागत करेंगे, जबकि उनकी पत्नी मलाइका अरोड़ा दिल्ली में आयोजित होने वाले एक शो में दर्शकों का दिल जीतेंगी।
सेलीना जेटली अपनी होने वाली भाभी के साथ नए साल की खुशियां बांटेगी। उन्होंने बताया कि उनके भाई की हाल ही में सगाई हुई है। वहीं दूसरी ओर कुछ ऐसे सितारे भी हैं, जिन्हें न चाहते हुए भी काम के सिलसिले में अपनों से दूर रहना पड़ेगा।